रविवार, 15 अगस्त 2021

कौन आज़ाद हुआ

 कौन आज़ाद हुआ

किसके माथे से गुलामी की सियाही छूटी

मेरे सीने में अभी दर्द है महकूमी का

मादरे हिंद के चेहरे पे उदासी है वही

कौन आज़ाद हुआ

खंजर आज़ाद है सीने में उतरने के लिए

मौत आज़ाद है लाशों पे गुजरने के लिए

कौन आज़ाद हुआ

काले बाज़ार में बदशक्ल चुडै़लों की तरह

कीमतें काली दुकानों पे खड़ी रहती हैं

हर खरीदार की जेबों को कतरने के लिए

कौन आज़ाद हुआ

कारखानों में लगा रहता है

सांस लेती हुई लाशों का हुजूम

बीच में उनके फिरा करती है बेकारी भी

अपने खूंखार दहन खोले हुए

कौन आज़ाद हुआ

रोटियाँ चकलों की कहवाएं हैं

जिनको सरमाये के दल्लालों ने

नफाखोरी के झरोखों में सजा रखा था

बालियाँ धान की गेहूं के सुनहरे खोशे

मिस्र-ओ-यूनान के मजबूर गुलामों की तरह

अजनबी देश के बाज़ारों में बिक जाते हैं

और बदबख्त किसानों की तड़पती हुई रूह

अपने अफलास में मूह ढांप के सो जाती है

कौन आज़ाद हुआ


-- अली सरदार जाफ़री


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

फोर्ट विलियम कॉलेज

फोर्ट विलियम कॉलेज  ****** यह बड़ी मजेदार बात है कि सन् 1783 जॉन बी.गिलक्राइस्ट ईस्ट इंडिया कम्पनी में एक सहायक सर्जन के तौर पर नियुक्त ...