बुधवार, 4 अगस्त 2021

रॉयल एशियाटिक सोसाइटी और पूर्वी उत्तर प्रदेश

 रॉयल एशियाटिक सोसाइटी और पूर्वी उत्तर प्रदेश 


वर्ष 1823 में स्थापित रॉयल एशियाटिक सोसाइटी की प्रसिद्ध पत्रिका ‘जर्नल ऑफ़ रॉयल एशियाटिक सोसाइटी’ के पुराने अंक देखते हुए पता लगा कि उन्नीसवीं-बीसवीं सदी में रॉयल एशियाटिक सोसाइटी के सदस्यों में आज़मगढ़, जौनपुर, ग़ाज़ीपुर और बलिया के पाठक भी शामिल थे। उल्लेखनीय है कि रॉयल एशियाटिक सोसाइटी की स्थापना प्रसिद्ध संस्कृतज्ञ हेनरी टॉमस कोलब्रुक ने की थी। इंग्लैंड में रॉयल एशियाटिक सोसाइटी की स्थापना से चार दशक पहले ही 1784 में बंगाल में एशियाटिक सोसाइटी की स्थापना हो चुकी थी। 


पूर्वी उत्तर प्रदेश में रॉयल एशियाटिक सोसाइटी के इन सदस्यों में जहाँ एक ओर ग़ाज़ीपुर से सर सैयद अहमद खाँ थे, जिन्होंने ग़ाज़ीपुर में ही विक्टोरिया स्कूल और साइंटिफिक सोसाइटी भी स्थापित की थी। तो दूसरी ओर, इन सदस्यों में हिंदी के प्रसिद्ध लेखक और आज़मगढ़ में अहरौला के तहसीलदार पंडित मन्नन द्विवेदी गजपुरी भी शामिल थे। मन्नन द्विवेदी ने बच्चों के लिए कविताएँ और कहानियाँ लिखकर विशेष ख्याति अर्जित की। वे प्रेमचंद के भी घनिष्ठ मित्र थे।  

 

इन पाठकों में बलिया के डिप्टी कलेक्टर लाला सीताराम बी.ए. भी शामिल थे। मूल रूप से अवध के निवासी लाला सीताराम ने डिप्टी कलेक्टर बनने से पूर्व कुछ समय तक 'अवध अख़बार' का सम्पादन और बनारस, सीतापुर व फ़ैज़ाबाद में अध्यापन भी किया था। उन्होंने संस्कृत की अनेक पुस्तकों यथा मेघदूत, कुमारसम्भव, रघुवंश, ऋतुसंहार, उत्तररामचरित, मालविकाग्निमित्र का हिंदी अनुवाद भी किया था। साथ ही, उन्होंने शेक्सपियर के नाटकों का उर्दू अनुवाद भी प्रकाशित किया था।    


रॉयल एशियाटिक सोसाइटी के सदस्यों में उपर्युक्त व्यक्तियों के साथ शिबली एकेडमी जैसी संस्था भी शामिल थी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में रॉयल एशियाटिक सोसाइटी के पाठकों की सूची इस प्रकार है : 


आज़मगढ़    

1. उदय नारायण गौड़ : वेसले हाई स्कूल, आज़मगढ़ 1923

2. मोहम्मद अज़हर अली : प्रोविंसियल सिविल सर्विस, सदर तहसील आज़मगढ़ 1907

3. पंडित मन्नन द्विवेदी, तहसीलदार, अहरौला आज़मगढ़ 1915

4. शिबली एकेडमी, आज़मगढ़ 

5. यूस्टिस जॉन किट्स : बंगाल सिविल सर्विस, आज़मगढ़ 1884


ग़ाज़ीपुर 

1. सैयद अहमद खाँ, ग़ाज़ीपुर 1873

2. पी.सी. व्हेलर ग़ाज़ीपुर, 1880

3. रमाशंकर मिश्रा, एम.ए. : ऑफिसिएटिंग मजिस्ट्रेट व कलेक्टर, ग़ाज़ीपुर, 1899

4. वीरेश्वर नाथ राय, बीए एलएलबी, वकील, हाई कोर्ट, ग़ाज़ीपुर, 1924

5. जे.एच. रिवेट-कॉर्नैक, बंगाल सिविल सर्विस, ग़ाज़ीपुर, 1872


जौनपुर 

1. सी. रुस्तमजी, 1872

2. आर.सी. सक्सेना, एमडी, बीएस, जौनपुर, 1932


बलिया 

1. लाला सीताराम, डिप्टी कलेक्टर, बलिया, 1899

2. डॉ. मुन्ना लाल, सिविल सर्जन, बलिया, 1901 

3. सी.एस. श्रीवास्तव, एमए बीएससी, प्लीडर, बलिया, 1931

Shubhneet kausik

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

फोर्ट विलियम कॉलेज

फोर्ट विलियम कॉलेज  ****** यह बड़ी मजेदार बात है कि सन् 1783 जॉन बी.गिलक्राइस्ट ईस्ट इंडिया कम्पनी में एक सहायक सर्जन के तौर पर नियुक्त ...